31 जुलाई तक होगा ऑनलाइन पंजीकरण, 1200 से अधिक आवेदन जुटाने का लक्ष्य।
चंपावत। जवाहर नवोदय विद्यालय चंपावत में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय में इस वर्ष 80 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। विद्यालय प्रशासन ने इस बार 1200 से अधिक आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। पिछले वर्ष कक्षा छह में प्रवेश के लिए 1154 आवेदन प्राप्त हुए थे।
विद्यालय के प्राचार्य के.के. तिवारी ने बताया कि इच्छुक अभिभावक और छात्र जवाहर नवोदय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों में से निर्धारित प्रक्रिया के तहत मेरिट के आधार पर 80 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष एक नई पहल भी की जा रही है। इसके तहत योग, वैदिक गणित, दर्शन, कृषि, भाषाविज्ञान, नैतिक शिक्षा, खगोल विज्ञान और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों के विशेषज्ञों को विद्यार्थियों के बीच अपने ज्ञान और अनुभव साझा करने का अवसर दिया जा रहा है।
प्राचार्य ने बताया कि इच्छुक विशेषज्ञ विद्यालय में 45 से 60 मिनट का सत्र ले सकते हैं, जिसके लिए ₹1000 प्रति सत्र मानदेय निर्धारित किया गया है। विद्यालय में कुल 32 सत्र आयोजित किए जाने हैं, जिनमें से करीब एक दर्जन सत्र अब तक पूरे हो चुके हैं। इच्छुक विशेषज्ञ अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए विद्यालय के प्राचार्य से संपर्क कर सकते हैं।
फोटो_जवाहर नवोदय विद्यालय चंपावत के प्राचार्य के.के. तिवारी।
चंपावत: जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह की 80 सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू।
