चंपावत: एक सप्ताह में 60 लाख की नशे की खेप बरामद, तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

Share This Post

कोरियर से लेकर दवा कंपनी के प्रतिनिधि तक के जरिए नशे की तस्करी की कोशिश नाकाम, थोक कारोबारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी

चंपावत। मॉडल जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चंपावत पुलिस ने तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर करीब 60 लाख रुपये मूल्य की चरस, अफीम और हेरोइन बरामद कर नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अब केवल नशे की खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई के रास्तों और थोक कारोबारियों तक पहुंचने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर चल रहे अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। एसपी ने नशे के कारोबारियों को समाज का दुश्मन बताते हुए उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का लक्ष्य नशे की खेप बरामद करने के साथ इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस नशे की तस्करी के नए तौर-तरीकों पर भी नजर रख रही है। कोरियर के माध्यम से स्मैक भेजने और दवा कंपनी के प्रतिनिधि की आड़ में नशीले कैप्सूल पहुंचाने के प्रयासों को नाकाम किया गया है। हालिया कार्रवाई में पकड़े गए 10 आरोपियों में 10 साल की सजा पा चुका एक व्यक्ति और बनबसा थाने का एक गैंगस्टर भी शामिल बताया गया है।
पुलिस अब नशे के थोक कारोबारियों और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों तक पहुंचने की तैयारी में है। हाल ही में अलीगढ़ के एक आरोपी को पकड़ा गया, जो देवीधुरा से चरस लेकर आया था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर उस व्यक्ति का नाम बताया है, जिससे उसने चरस प्राप्त की थी। पुलिस अब संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

नशे के खिलाफ लड़ाई में जनता से सहयोग की अपील_

एसपी रेखा यादव ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान केवल पुलिस की कार्रवाई नहीं, बल्कि समाज को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने लोगों से पुलिस को सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि नशे की समस्या को केवल अपने परिवार तक सीमित मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। समाज में फैल रहा नशा किसी भी परिवार को अपनी चपेट में ले सकता है।

वहीं, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के अनुसार, पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के ठिकानों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की योजना बना रही है। पुलिस का जोर तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ने और नशे की सप्लाई पर अंकुश लगाने पर है।

फोटो_ पुलिस अधीक्षक रेखा यादव।


Share This Post