

हल्द्वानी रैली में कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार और बाधा डालने का आरोप, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी।
चंपावत। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित रूप से परेशान करने, रैली में बाधा डालने और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किए जाने के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के निर्देश पर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिमला मेहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और एसएसपी नैनीताल का पुतला फूंका तथा जमकर नारेबाजी की।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस का इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अशोभनीय व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर सत्ताधारी दल के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो कांग्रेस कार्यकर्ता आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_चंपावत के भीड़भाड़ वाले बाजार में नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता।




