चंपावत: गुरू गोरक्षनाथ धाम पहुंचा मुख्यमंत्री का संदेश, विकास की उम्मीदों को मिली नई आस।

Share This Post

शिव महापुराण कथा के चौथे दिन नोडल अधिकारी ने किए भोलेनाथ और गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन, मंदिर के विकास का खाका सामने रखा।

चंपावत। पहाड़ों की सुरम्य वादियों में बसे तल्लादेश के मंच स्थित श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर, गोरखधूना में चल रही श्री शिव महापुराण कथा के चतुर्थ दिवस मुख्यमंत्री कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष निर्देश पर पहुंचे नोडल अधिकारी ने भगवान भोलेनाथ एवं श्री गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर कथा व्यास प्रकाश जोशी ने श्रद्धालुओं को श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कराया। कथा स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। 22 जुलाई से शुरू हुई कथा का आयोजन 28 जुलाई तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी ने ऑनलाइन माध्यम से श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर के दर्शन कर भगवान भोलेनाथ एवं गुरु गोरक्षनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने शीघ्र ही मंदिर पहुंचकर दर्शन करने की इच्छा भी व्यक्त की।
इस दौरान महंत योगी राम नाथ की ओर से नोडल अधिकारी के समक्ष मंदिर क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न मांगें रखी गईं। इनमें मिट्टीखाल से मंदिर तक पूरे मार्ग पर टीन शेड निर्माण, मंदिर परिसर में भव्य धर्मशाला, चारदीवारी निर्माण, मंदिर के समीप हेलीपैड तथा मिट्टीखाल में पार्किंग निर्माण की मांग प्रमुख रही। महंत योगी राम नाथ ने बताया कि इन विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव पूर्व में भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जा चुके हैं।
मंदिर समिति ने कहा कि श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। मंदिर में आवश्यक सुविधाओं का विकास होने से यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र को नई पहचान मिल सकेगी।
इस अवसर पर तल्लादेश क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है।

28 जुलाई को कथा के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजक मंडल ने चंपावत जिले के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी जनता को भंडारे में सादर आमंत्रित किया है।

फोटो_


Share This Post