चंपावत: गौड़ी नदी बचाने को उमड़ा जनसैलाब, 15 दिवसीय जल संरक्षण अभियान का नदी महोत्सव के साथ भव्य समापन।

Share This Post

ताड़केश्वर में चला वृहद स्वच्छता अभियान, 4.50 क्विंटल कचरा हटाया गया; जल स्रोतों के संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का दिया संदेश।

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन और स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) के तत्वावधान में जनपद में 1 से 15 जून तक संचालित जल संरक्षण अभियान एवं जल उत्सव सप्ताह का सोमवार को गौड़ी नदी तट पर आयोजित भव्य नदी महोत्सव के साथ समापन हो गया। कार्यक्रम के तहत ताड़केश्वर क्षेत्र में नदी संरक्षण, स्वच्छता और जन-जागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया गया।
SARRA द्वारा उपचार हेतु चयनित गौड़ी नदी क्षेत्र में सीता कुंड से ताड़केश्वर शवदाह गृह तक विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र कर साफ-सफाई की गई। साथ ही स्थानीय लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक प्रदूषण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान करीब 1.50 क्विंटल प्लास्टिक कचरा और 3 क्विंटल गीला कूड़ा एकत्रित कर जिला पंचायत के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हेतु भेजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति उत्तराखंड के अध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय ने गौड़ी नदी के संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों को प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और जन-जागरूकता के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी तथा मुख्यमंत्री एवं विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने SARRA की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने जिलेवासियों से गौड़ी नदी के पुनर्जीवन और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। 15 दिवसीय जल संरक्षण अभियान के समापन पर वक्ताओं ने भविष्य में भी ऐसे पर्यावरणीय कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। ताड़केश्वर मंदिर के महंत ने भी इस पुनीत प्रयास की सराहना की, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह ने ग्रामीणों के साथ अभियान में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम में SARRA के सदस्य सचिव एवं अधिशासी अभियंता (लघु सिंचाई) विमल कुमार सुंठा, वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन टम्टा, नमामि गंगे टीम, जिला पंचायत, वन विभाग, विकासखंड चम्पावत के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो- ताड़केश्वर स्थित गौड़ी नदी तट पर आयोजित स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान में भाग लेते जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण।


Share This Post