चंपावत: जनता मिलन में उमड़ी समस्याओं की बौछार, 88 शिकायतों पर डीएम का त्वरित एक्शन।

Share This Post

अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण, शेष शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश।

चंपावत, 08 जून। जिले में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम एक बार फिर आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बना। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में पेयजल, विद्युत, सड़क, आवास, आयुष्मान कार्ड, कृषि, सिंचाई, समाज कल्याण और राशन कार्ड से जुड़े मामलों की भरमार रही। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान च्युराखर्क के ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग की मांग उठाई, जबकि बाराकोट क्षेत्र से सड़क और सोलर लाइट की मांग सामने आई। लोहाघाट क्षेत्र में सीसी मार्ग निर्माण, चौकी गांव के बुजुर्ग की भूमि से अतिक्रमण हटाने, रैघांव की पेयजल समस्या, विधवा महिला को रोजगार और बच्चों की शिक्षा सहायता, गरीब परिवार को आवास तथा बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने जैसे मामलों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं और त्वरित कार्रवाई की पहल का स्वागत किया।


फोटो_कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की शिकायतें सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post