चंपावत: हरी वादियों में गूंजा योग का संदेश, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रमों का शानदार आगाज़।

Share This Post

लोहाघाट में विशेष समूह के साथ योगाभ्यास, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प

चंपावत, 08 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार को लोहाघाट के खूना स्थित हरी इन्द्रा होम स्टे में आयोजित “विशेष समूह के साथ योगाभ्यास” कार्यक्रम से हुई। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ अधिवक्ता गिरीश उप्रेती ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखता है।
योग अनुदेशक सोनिया आर्या के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। वहीं प्रकाश नेगी और कविता बोहरा ने योग की विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन कर लोगों को इसके लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधाकर गंगवार ने किया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का जनआंदोलन है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि काउंटडाउन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें।
कार्यक्रम के माध्यम से आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह, जिला नोडल अधिकारी डॉ. उमेश भारती, डॉ. इकरा खान सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


फोटो_हरी वादियों के बीच योग का संदेश देते हुए लोहाघाट में आयोजित विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेते योग साधक।


Share This Post