चंपावत: डीएम मनीष कुमार ने जनपदवासियों को दी दीपावली की बधाई, शहीदों के नाम दीया जलाने की अपील।

Share This Post

जरूरतमंदों के घरों में खुशियां बांटने, मिट्टी के दीये अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के साथ त्योहार मनाने का दिया संदेश

चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दीपावली के पावन पर्व पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि दीपावली रोशनी, प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का पर्व है। इसकी सार्थकता तभी है, जब त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचें।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली पर एक दीया देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों और एक दीया सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के नाम जरूर जलाएं। साथ ही गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच जाकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करें, ताकि उनके घरों में भी दीपावली का उजाला पहुंचे।
उन्होंने मिट्टी के दीयों का प्रयोग करने तथा स्थानीय

महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी कर उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अपील की। डीएम ने अनावश्यक पटाखे और तेज धमाकों से बचने का संदेश देते हुए कहा कि आतिशबाजी से पर्यावरण के साथ बेजुबान पशु-पक्षियों को भी नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाना और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला भरना ही दीपावली का सबसे बड़ा संदेश है।

फोटो_जनपदवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post