चंपावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 18 जुलाई (शनिवार) को जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना जताई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत यह आदेश जारी किया है। इसके तहत कक्षा 1 से 12 तक के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 18 जुलाई को बंद रहेंगे।
हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालयों में शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है।
चंपावत: भारी बारिश के चलते 18 जुलाई को चंपावत के कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद!
