पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने किया अभियान का शुभारंभ, डीएम मनीष कुमार बोले स्वच्छता को जीवनशैली बनाना होगा।
चंपावत। विश्व प्रसिद्ध मानेश्वर धाम में रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में महास्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे धाम परिसर व आसपास के क्षेत्र से करीब 15 कुंतल प्लास्टिक कचरा एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान का शुभारंभ धाम के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज ने किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी सफाई नहीं, बल्कि अंतर्मन की पवित्र भावना है, जो हमें स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि मानेश्वर धाम की ख्याति लगातार बढ़ रही है और यह धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। ऐसे में इसकी स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलाधिकारी मनीष कुमार और अपर जिलाधिकारी कृष्ण गोस्वामी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील और ईमानदार अधिकारियों के कारण जनता स्वयं को प्रशासन के करीब महसूस करती है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मानेश्वर धाम निकट भविष्य में प्रदेश का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है।
अभियान में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, नगर पालिका चंपावत के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, लघु सिंचाई विभाग के विमल कुमार सूंठा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। अभियान के बाद मानेश्वर धाम और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह स्वच्छ और आकर्षक नजर आया।
फोटो मानेश्वर धाम में आयोजित महास्वच्छता अभियान के दौरान साफ-सफाई करते पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज, जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं अन्य अधिकारी।
चंपावत: मानेश्वर धाम में चला महास्वच्छता अभियान, 15 कुंतल प्लास्टिक कचरा हटाया गया।
