62 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, नशामुक्त छवि होगी अनिवार्य शर्त।
चंपावत। जहां एक ओर राष्ट्रीय राजनीतिक दलों में आगामी चुनावों को लेकर टिकट की होड़ अभी से तेज हो गई है, वहीं सबका विकास पार्टी ने एक अलग पहल करते हुए सभी वर्गों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। पार्टी ने पारदर्शिता और नैतिकता को प्राथमिकता देते हुए प्रत्याशी चयन प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र उत्तराखंडी (हरीश शर्मा) के अनुसार, 62 वर्ष तक की आयु के युवा एवं महिलाएं चुनाव लड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी गई है प्रत्याशी न तो स्वयं शराब का सेवन करता हो और न ही दूसरों को इसके लिए प्रेरित करता हो। इसके लिए आवेदक को शपथ पत्र (बांड) भरना अनिवार्य होगा। नरेंद्र उत्तराखंडी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे राज्य में अधिकारियों और पारंपरिक राजनीतिक दलों के बीच बने गठजोड़ के कारण भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जिसे समाप्त करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी इस दिशा में मजबूत और निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने आगे कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की युवा शक्ति में प्रदेश की तस्वीर बदलने की अपार क्षमता है। जरूरत है केवल दृढ़ इच्छाशक्ति, साफ नीयत और मजबूत इरादों की।
फोटो – हरीश शर्मा उर्फ नरेंद्र उत्तराखंडी।
चंपावत में नई राजनीति की दस्तक: सबका विकास पार्टी ने खोले टिकट के दरवाजे, युवाओं और महिलाओं को मौका।
