चंपावत में पशुओं को संक्रामक रोग से बचाने को महाअभियान शुरू, डेढ़ माह तक चलेगा टीकाकरण।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ‘सुरक्षा रथ’, सवा लाख पशुओं को मिलेगा सुरक्षा कवच।


चंपावत। जनपद में बढ़ती गर्मी के साथ पशुओं में फैलने वाले संक्रामक रोगों से बचाव के लिए खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण महाअभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस डेढ़ माह तक चलने वाले अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पशुपालन विभाग के ‘सुरक्षा रथ’ को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी एवं समाजसेवी सतीश चंद्र पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग पशुओं के लिए बेहद घातक होता है। इस रोग की चपेट में आने से पशु कमजोर हो जाते हैं और उनकी दुग्ध उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर अपने पशुओं को टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें समय रहते सुरक्षा कवच मिल सके। पशुपालन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह अभियान डेढ़ माह तक चलेगा, जिसके तहत जिले के लगभग सवा लाख पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती भी उपस्थित रहे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गरिब्याल ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 40 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें करीब 100 कर्मी कार्यरत रहेंगे। ये टीमें नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पशुओं का टीकाकरण करेंगी।

फोटो –  पशुपालन विभाग के ‘सुरक्षा रथ’ को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना करते जनप्रतिनिधि एवं जिलाधिकारी।


Share This Post