मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले में युवाओं तक पहुंच रहा रोजगार, विभिन्न कंपनियों ने दिखाई दिलचस्पी।
लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित पहले रोजगार मेले में 93 युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले की अवधारणा के तहत अब कंपनियां खुद यहां के युवाओं तक पहुंच रही हैं महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस रोजगार मेले में लगभग 250 योग्य युवाओं ने प्रतिभाग किया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कंपनियों के मानव संसाधन प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्हें विभिन्न कार्यों के लिए करीब ढाई हजार युवाओं की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता सतीश चंद्र पांडे, सीडीओ डॉ जी.एस. खाती तथा महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संगीता गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के मॉडल जिले में अब रोजगार घर-घर तक पहुंच रहा है, जरूरत इस बात की है कि युवा कंपनियों की मांग के अनुसार स्वयं को तैयार करें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि भविष्य में परीक्षा अवधि से अलग समय पर दूसरा रोजगार मेला आयोजित किया जाए, जिससे अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें। प्राचार्य प्रो. संगीता गुप्ता ने सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में अनुशासित और प्रतिभाशाली युवा शक्ति मौजूद है, जो अवसर मिलने पर बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में महाविद्यालय की कैरियर काउंसलिंग सेल के सदस्य डॉ. रुचिर जोशी, डॉ. बी.आर. लोहिया, डॉ. बीना, डॉ. उमा कांडपाल, डॉ. सरस्वती भट्ट, डॉ. रवि सनवाल, डॉ. पंकज टम्टा, डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रकाश लखेड़ा ने किया। जिला सेवायोजन अधिकारी आर के पंत ने मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को कंपनियों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा। उन्होंने मुख्य अतिथि समेत सीडीओ, प्राचार्य, महाविद्यालय परिवार और सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
बॉक्स
रोजगार मेले में पुखराज हेल्थकेयर, स्क्वैश ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड, हेता ऑर्गेनिक, जेटीईकेटी इंडिया लिमिटेड, महेंद्रा & महेंद्रा अद्विक ऐडविक प्राइवेट लिमिटेड, मिंडा कार्पोरेशन तथा सुपर साइन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर युवाओं का चयन किया।
चंपावत: लोहाघाट पीजी कॉलेज में रोजगार मेले की गूंज: 250 युवाओं ने आजमाई किस्मत, कंपनियों ने दिए 93 युवाओं को नौकरी के अवसर।
