चंपावत: योग के लिए दौड़ा चंपावत, नशामुक्त समाज का भी बुलंद हुआ संदेश।

Share This Post

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले ‘रन फॉर योगा’ में उमड़ा जनसैलाब, अधिकारियों, विद्यार्थियों और युवाओं ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी।


चंपावत।  21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व चंपावत में योग के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में जनपद योगमय नजर आया। बुधवार सुबह पुलिस लाइन से गोरल चौड़ मैदान तक निकाली गई जागरूकता दौड़ में अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड तथा जिला प्रशासन चंपावत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने “करें योग, रहें निरोग” और “योग अपनाएं, स्वास्थ्य पाएं” जैसे नारों से पूरे वातावरण को योगमय बना दिया। कार्यक्रम में मौजूद अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन दृष्टि का भी आधार है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने कहा कि योग और नशामुक्ति दोनों एक स्वस्थ समाज की नींव हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने भी योग को स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया।
दौड़ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में शंकर ने प्रथम, हरीश ने द्वितीय और राजीव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में पूजा भण्डारी प्रथम, मोनिका बिष्ट द्वितीय तथा सोनी बोहरा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गुसाईं, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह सामंत, जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

फोटो_ विजेताओं को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।


Share This Post