चंपावत:  विश्व योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने में जुटे डीएम मनीष कुमार, बनबसा में होगा मुख्य आयोजन।

Share This Post

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हजारों लोग करेंगे योग, ‘योग सखी योजना’ से महिलाओं को जोड़ा जाएगा स्वस्थ जीवन की ओर।


चंपावत। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जनपद चंपावत में ऐतिहासिक, भव्य और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में पूरे जिले में योग और प्राणायाम को घर-घर तक पहुंचाने की व्यापक तैयारियां चल रही हैं। मुख्य कार्यक्रम बनबसा में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आमजन के साथ योग एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन और निरोग जीवनशैली का संदेश देंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि योग और प्राणायाम भारतीय संस्कृति तथा प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। नियमित योग करने वाला व्यक्ति न केवल विभिन्न रोगों और व्याधियों से दूर रहता है, बल्कि उसकी कार्यक्षमता, मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मॉडल जिला चंपावत को स्वस्थ, निरोग और आरोग्य जनपद के रूप में विकसित करना है, जिसके लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि जिले की महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘योग सखी योजना’ को भी प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को योग एवं प्राणायाम से जोड़कर उनके जीवन में स्वास्थ्य, ऊर्जा, मानसिक संतुलन और नई सकारात्मकता का संचार किया जाएगा। कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन करने वाली महिलाओं के लिए यह पहल विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।
विश्व योग दिवस के आयोजन में प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिक सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि 21 जून को जिले का हर नागरिक जहां भी होगा, वहीं योग कर स्वयं को प्रकृति, संस्कृति और ईश्वरीय चेतना से जोड़ने का अनुभव करेगा।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग द्वारा 23 मई से पूरे जनपद में योग जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर नियमित योग एवं प्राणायाम सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ अब तक 4,500 से अधिक लोग उठा चुके हैं। हाल ही में आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में भी करीब 200 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद सिंह, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी प्रकाश सिंह एवं नोडल डॉ सुधाकर गंगवार के अनुसार  जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जनपद में ऐतिहासिक, भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की विशेष पहल और प्रेरणा के चलते जिले का हर वर्ग इस अभियान से जुड़ रहा है, जिससे योग दिवस को लेकर अभूतपूर्व उत्साह का माहौल बना हुआ है।


फोटो – अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जनपद में चल रहा स्वच्छता अभियान एवं योग का पूर्वाभास करते।


Share This Post