चंपावत: लोकसंस्कृति की छटा से खिल उठा खेतीखान, 27वें दीप महोत्सव का हुआ भव्य आगाज।

Share This Post

छह दिवसीय महोत्सव में छोलिया नृत्य और पारंपरिक झांकियों ने बांधा समां, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने किया उद्घाटन

लोहाघाट। कुमाऊं की लोकसंस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का संगम बने 27वें खेतीखान दीप महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर छह दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन किया।

महोत्सव के शुभारंभ पर मां भगवती मंदिर से स्कूली बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक झांकियां निकालीं। ढोल-दमाऊं की गूंज और छोलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। लोकसंस्कृति से सराबोर झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।

पूर्व विधायक फर्त्याल ने कहा कि वर्ष 2000 से आयोजित हो रहा खेतीखान दीप महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। यह आयोजन लोककलाओं और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

समिति अध्यक्ष विजय फर्त्याल और सचिव श्यामलाल मनराल ने अतिथियों का स्वागत किया। छह दिनों तक चलने वाले महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इस दौरान समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

फोटो_27वें खेतीखान दीप महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल।


Share This Post