

हरिद्वार। भूपतवाला में आयोजित राज्य स्तरीय संस्कृत महोत्सव में नशा हटाओ-जीवन बचाओ अभियान को समर्थन मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत एवं ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष ने चंपावत में संचालित नशा उन्मूलन अभियान की सराहना करते हुए इसे युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि नशा केवल शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्ति के विवेक, संस्कार, परिवार और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए बचपन से ही बच्चों और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल नारों से संभव नहीं है, इसके लिए निरंतर जनजागरूकता के साथ बच्चों में नैतिक एवं मानवीय मूल्यों का विकास करना भी आवश्यक है।
उन्होंने अभियान के माध्यम से किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर संस्कृत शिक्षा एवं अकादमी से जुड़े अधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो_राज्य स्तरीय संस्कृत महोत्सव में नशामुक्ति अभियान को समर्थन देते आध्यात्मिक संत।




