चंपावत: मानेश्वर धाम में अक्षय तृतीया पर होगा भव्य उपनयन संस्कार, 40 से अधिक बटुक बनेंगे ‘द्विज’।

Share This Post

चंपावत। प्रसिद्ध मानेश्वर धाम में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर एक साथ 40 से अधिक बटुकों का पूर्ण विधि-विधान के साथ उपनयन संस्कार कराने की भव्य तैयारियां जोरों पर हैं। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
धाम में स्वामी धर्मराज पुरी महाराज के आगमन के बाद से लगातार धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला चल रही है, जिससे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण और अधिक सशक्त हुआ है। निर्माण कार्य के दौरान मिली पांच शिव शक्तियों को लेकर भी श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्सुकता देखी जा रही है, जिन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं।
स्वामी धर्मराज महाराज के अनुसार, यह उपनयन संस्कार गुरुकुल एवं कुमाऊनी पद्धति के अनुरूप पूर्ण वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा, जिसमें बटुकों को जीवनभर के लिए संस्कार और आध्यात्मिक शिक्षा दी जाएगी। प्रत्येक विधि के लिए विद्वान आचार्यों की व्यवस्था की गई है, जबकि मुख्य आचार्य बबलू पांडे के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए कमलेश रसियारा, बसंत रसियारा, प्रेम सिंह बोहरा, नगर पालिका चंपावत के पूर्व अध्यक्ष विजय वर्मा, प्रकाश पांडे, सुंदर सिंह बोहरा, जितेंद्र पुजारी, दिनेश बिष्ट सहित कई लोग व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है। स्वामी जी ने सभी श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर पहुंचकर बटुकों को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।

फोटो –  स्वामी धर्मराज पुरी महाराज


Share This Post