

चंपावत। विकसित भारत के संकल्प को युवाओं से जोड़ने के लिए विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD)-2027 के प्रथम चरण में देशव्यापी ऑनलाइन क्विज आयोजित की जा रही है। अभियान में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी की अपील की गई है।
ऑनलाइन क्विज के जरिए युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। क्विज में भाग लेने के लिए युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। देशव्यापी ऑनलाइन क्विज 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं और संबंधित विभागों को युवाओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने भी युवाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर क्विज में प्रतिभाग करने की अपील की है। विभाग के अनुसार, ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा, सोच और नेतृत्व क्षमता सामने रखने के साथ ही राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का अवसर देते हैं।
माय भारत कार्यक्रम के उपनिदेशक शैलेश भट्ट ने जिले के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिकाधिक संख्या में ऑनलाइन क्विज में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय और रचनात्मक भागीदारी ही विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला बनेगी।
फोटो_ युवाओं से ऑनलाइन क्विज में अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते माय भारत कार्यक्रम के उपनिदेशक शैलेश भट्ट।




