चंपावत: ऑरेंज अलर्ट के बीच भी नहीं थमा NH-09 का सफर।

Share This Post

मलबा-बोल्डर की पुरानी आफत पर लगा ब्रेक, दिन-रात निर्बाध दौड़ रहे वाहन; आपदा सुधार कार्यों का दिखा असर

चंपावत। पहाड़ों में लगातार बारिश और तीन दिन से जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-09) पर इस बार हालात बदले नजर आ रहे हैं। मानसून में मलबा और बोल्डर गिरने से बार-बार बाधित होने वाला यह मार्ग प्रतिकूल मौसम के बावजूद दिन-रात खुला है और दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी हुई है।
पिछले वर्षों में बारिश बढ़ते ही एनएच-09 के संवेदनशील हिस्सों में मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित होता था। कई बार सुरक्षा के लिहाज से रात में वाहनों की आवाजाही तक रोकनी पड़ती थी। इस बार आपदा सुधार और सुरक्षा से जुड़े कार्य पहले ही पूरे किए जाने का असर अब बारिश के दौरान दिखाई दे रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के मुताबिक, वर्षाकाल में यातायात बाधित होने की समस्या को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए गए हैं। यही वजह है कि ऑरेंज अलर्ट और खराब मौसम के बावजूद फिलहाल रात में यातायात रोकने जैसी स्थिति नहीं बनी है।

हालांकि प्रशासन की चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है। सड़क पर जहां-जहां बारिश के कारण मलबा जमा हो रहा है, उसे तत्काल हटाया जा रहा है। सुरक्षा और मार्ग सफाई की निगरानी लगातार जारी है।

बारिश के बीच NH-09 का निर्बाध संचालन प्रशासन के लिए राहत और यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा बनकर सामने आया है। अब देखना यह है कि मौसम के और बिगड़ने पर भी यह व्यवस्था इसी तरह कायम रहती है या नहीं।

फोटो_स्वाला सुगम जोन का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post