चंपावत: जल संस्थान डिप्लोमा इंजीनियर संघ के चुनाव निर्विरोध संपन्न, पवन बिष्ट बने अध्यक्ष।

Share This Post

कार्यों की गुणवत्ता सुधारने, संसाधन बढ़ाने और सुपरवाइजर नियुक्ति समेत कई प्रस्ताव पारित

चंपावत। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ (जल संस्थान) के द्विवार्षिक चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गए। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बहादुर सिंह और मंडलीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमानंद पुनेठा की देखरेख में हुए चुनाव में पवन बिष्ट को अध्यक्ष, चंद्रशेखर पंत को उपाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह रौतेला को महासचिव, विपिन विश्वकर्मा को कोषाध्यक्ष और साक्षी आले को मीडिया प्रभारी चुना गया। वहीं, प्रशांत वर्मा को केंद्रीय संरक्षक मनोनीत किया गया।
निर्वाचन के बाद आयोजित पहली बैठक में विभागीय कार्यों की गुणवत्ता में सुधार और संसाधनों को बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में श्रमिक आपूर्ति करने वाले ठेकेदारों के कार्यों की निगरानी के लिए सुपरवाइजर नियुक्त करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा विभागीय अभियंताओं और ठेकेदारों के बीच हर महीने समीक्षा बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में निर्माण कार्यों की बेहतर निगरानी के लिए प्रत्येक डिवीजन में अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने तथा दोनों विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक इलेक्ट्रिशियन की नियुक्ति करने की मांग की गई। अभियंताओं ने सभी ब्लॉकों में स्पेयर सामग्री समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि पेयजल योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
बैठक के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और सभी सदस्यों ने निर्विरोध निर्वाचन के लिए साथियों का आभार व्यक्त किया।

फोटो_निर्विरोध निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते जल संस्थान के अभियंता।


Share This Post