

गोलू देवता मंदिर में चोरी की कोशिश से मचा हड़कंप, लोगों ने पीछा कर संदिग्ध को पकड़ा
चंपावत। जनपद के प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर में साधु के भेष में पहुंचे एक व्यक्ति को चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद किए जाने के बाद हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी।
बताया गया कि लोगों ने पीछा कर संदिग्ध व्यक्ति को चम्पावत से कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद उसे मंदिर परिसर में वापस लाकर एक स्थान पर बंद कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसकी पृष्ठभूमि और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं आरोपी इससे पहले किसी अन्य मंदिर अथवा धार्मिक स्थल पर चोरी की घटनाओं में शामिल तो नहीं रहा है।
घटना के बाद धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण संदिग्ध की गतिविधियां समय रहते सामने आ गईं और लोगों ने उसे पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगा कि आरोपी अकेले आया था अथवा किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई गई थी।




