चंपावत: 435 मरीजों ने उठाया मुफ्त इलाज का लाभ, जिला अस्पताल में शुरू हुआ विशेष स्वास्थ्य शिविर।

Share This Post

चंपावत, 31 जुलाई। स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत जिला चिकित्सालय चंपावत में तीन दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के पहले दिन ही 435 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर में मरीजों के लिए एक्स-रे, रक्त जांच, टीबी स्क्रीनिंग, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के अलावा ओरल, सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकीं। शिविर के दौरान 50 लाभार्थियों की आभा आईडी बनाई गईं, जबकि छह लोगों के आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए। अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है।

शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक मजूमदार, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय पाठक, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजूनाथ, फिजिशियन डॉ. अजय कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शौर्य, सर्जन डॉ. हिमांशु पाण्डेय और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता वर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इसके अलावा एनटीसीपी काउंसलर हरीश पाण्डेय, आरकेएसके काउंसलर सावित्री राय, डॉ. प्रेरणा चंद, स्टाफ नर्स सोनिका कोहली, रमेश जोशी और शिवानी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

फोटो_ जिला चिकित्सालय चंपावत में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते विशेषज्ञ चिकित्सक।


Share This Post