देहरादून: उत्तराखंड में एसआईआर अभियान, लाखों मतदाताओं को जारी हुए नोटिस।

Share This Post

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में प्रदेशभर में एसआईआर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाताओं को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और सभी शिकायतों व दावों का निस्तारण नियमानुसार किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए समय निर्धारित किया गया है। जिन मतदाताओं का नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे अपने बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से सूची की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने का अनुरोध कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम, पते या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। वहीं, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची से हटाने के लिए फॉर्म-7 भरने की व्यवस्था भी की गई है। इस संबंध में बीएलओ, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि जिन करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और जिन लगभग पांच लाख मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका है, उन्हें भी अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं से प्राप्त जानकारी के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेंगे। यदि किसी मामले में संतोषजनक स्थिति नहीं बनती है, तो सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) स्वयं मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुनवाई करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया मतदान केंद्र स्तर पर ही पूरी की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

फोटो_विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी


Share This Post