

जातिगत भेदभाव के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग।
चंपावत। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विजय शंखनाद रैली के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। शुक्रवार शाम चंपावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में जोरदार मार्च निकालकर इसे जातिगत भेदभाव का प्रतीक बताया और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक मंच के शुद्धिकरण की घटना सामाजिक समानता और भाईचारे की भावना पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की मानसिकता समाज में जातिगत विभाजन को बढ़ावा देती है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, ऐसे में जाति के आधार पर किसी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विरोध मार्च में वरिष्ठ कांग्रेस नेता निर्मला गहतोड़ी, जिला उपाध्यक्ष पवन ढेक, अनंत शाह, सचिन माहरा, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा, नगर अध्यक्ष दिग्विजय कार्की, रोहन माहरा, धीरज नेगी, मनीष महर, आशा टम्टा, जीवन सिंह बिष्ट, राजेंद्र पांडेय, कमल रैंसवाल, विमल पांडेय, नीरज कालाकोटी, भूपेंद्र महरा, तुषार वर्मा, प्रमोद बड़ेला और संदीप रावत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

फोटो_मंच शुद्धिकरण के विरोध में शुक्रवार को चंपावत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में विरोध मार्च निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता।



