चंपावत: टनकपुर को बाढ़ से राहत की बड़ी सौगात: शारदा तटबंध निर्माण को ₹32.92 करोड़ मंजूर।

Share This Post

मुख्यमंत्री धामी की घोषणा साकार, डीएम मनीष कुमार के प्रयासों से मिली स्वीकृति।

चंपावत। शारदा नदी के किनारे बसे टनकपुर क्षेत्र के गांवों के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत की खबर आई है। हर साल बाढ़ और भू-कटाव की मार झेल रहे ग्रामीणों को अब स्थायी सुरक्षा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  की घोषणा के क्रम में बूम से टनकपुर के मध्य शारदा नदी के दाएं पार्श्व पर तटबंध निर्माण के लिए ₹32.92 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस महत्वपूर्ण योजना को मंजूरी दिलाने में जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रयास निर्णायक साबित हुए। जिलाधिकारी द्वारा लगातार शासन स्तर पर प्रस्ताव का अनुश्रवण किया गया, क्योंकि शारदा नदी के किनारे बसे कई गांव वर्षों से बाढ़ के खतरे और जमीन कटाव की समस्या से परेशान थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि तटबंध निर्माण से ग्राम बसानी गोठ, सुवामोठ और गैण्डाखाली नंबर-3 के ग्रामीणों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से इन गांवों की खेती, मकान और रास्ते तक खतरे में आ जाते थे। कई बार लोगों को अपना सामान तक सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ता था। तटबंध बनने से अब इस परेशानी से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत स्वीकृत की गई है तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल लागत का 40 प्रतिशत यानी ₹13.17 करोड़ की पहली किस्त भी जारी हो चुकी है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय से पूरा किया जाए ताकि आने वाली बरसात से पहले ही ग्रामीणों को सुरक्षा मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि तटबंध निर्माण से शारदा नदी के कारण होने वाले भू-कटाव पर प्रभावी नियंत्रण होगा और नदी किनारे बसे गांवों की कृषि भूमि, मकान और सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रह सकेगी। यह योजना टनकपुर क्षेत्र के लिए लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी और लोगों को हर साल लगने वाले बाढ़ के डर से राहत मिलेगी।


Share This Post