चंपावत: छुलापे का लाल बना आईएएस: अनुज पंत के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, दीपावली सा दिखा उत्साह।

Share This Post

यूपीएससी में 69वीं रैंक हासिल कर गृह क्षेत्र पहुंचे अनुज पंत का नागरिक अभिनंदन।


युवाओं को दिया सफलता का मंत्र‌ “मेहनत का कोई विकल्प नहीं”


लोहाघाट। नगर एवं आसपास के गांवों में बुधवार को उस समय दीपावली जैसा माहौल देखने को मिला, जब 23 वर्षीय अनुज पंत यूपीएससी परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे। उनके स्वागत के लिए लोगों का उत्साह इतना अधिक था कि नगर पालिका सभागार भी छोटा पड़ गया। नगर क्षेत्र के युवा जहां सभागार की ओर उमड़ पड़े, वहीं बाराकोट ब्लॉक के कई गांवों से लोग अनुज के गांव छुलापे की ओर बढ़ते नजर आए। हर ओर फूल-मालाओं और जयकारों के बीच अनुज का भव्य स्वागत किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने अनुज पंत को स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर उन्होंने पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे ने कहा कि अनुज की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत बनेगी। कार्यक्रम में युवाओं के भविष्य को त्रास रहे संजय देव को भी सम्मानित किया गया, जो वर्षों से गरीब छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने में जुटे हैं। इस दौरान अनुज के पिता दिनेश पंत और माता मीना पंत का भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में अनुज पंत ने कहा कि सफलता के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति और लगातार मेहनत ही सबसे बड़ा मंत्र है। उन्होंने बताया कि यूपीएससी के पहले प्रयास में असफलता ने उन्हें और मजबूत बनाया और रोजाना 10 घंटे की पढ़ाई के साथ उन्होंने अपने लक्ष्य पर अर्जुन की तरह फोकस बनाए रखा। उन्होंने कहा कि बिना किसी कोचिंग के आईपीएस परीक्षा की ट्रैनिंग के बाद अवकाश लेकर उन्होंने अपनी आगे की तैयारी जारी रखी और अंततः सफलता हासिल की। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि एक लक्ष्य तय कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करें, दूसरों की बातों पर ध्यान न दें सफलता मिलने पर वही लोग आपके साथ खड़े नजर आएंगे। अनुज ने अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्र के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि भले ही वह गाजियाबाद में रहते हैं, लेकिन अपनी मातृभूमि और यहां के देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेने वह समय-समय पर आते रहेंगे।
कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य बीडी ओली, निर्मल मेहरा, राजू गड़कोटी, सचिन जोशी, श्याम चौबे, मुकेश जोशी, खिलानंद पंत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन जीवन कलोनी ने किया। अंत में अनुज के माता-पिता ने क्षेत्रवासियों द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।


Share This Post