चंपावत: गोरलचौड़ में गैस वितरण के दौरान अव्यवस्था, भारी भीड़ के बीच वार्ड के लोगों को नहीं मिली गैस।

Share This Post

चंपावत। नगर के गोरलचौड़ वार्ड में प्राइमरी स्कूल के पास आज गैस वितरण के दौरान अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। गैस लेने के लिए उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे लंबी कतारें लग गईं और कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों में भारी रोष देखने को मिला और मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार गैस वितरण के लिए केवल एक पिकअप वाहन ही मौके पर पहुंचा था, जिसमें सीमित संख्या में सिलेंडर होने के कारण सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध नहीं हो सकी। जैसे-जैसे सिलेंडर खत्म होते गए, वैसे-वैसे लोगों की नाराजगी बढ़ती गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड के निवासी होने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों से आए लोग यहां से सिलेंडर लेकर जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई परिवार लंबे समय से गैस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हर बार कम गाड़ी आने के कारण सभी को सिलेंडर नहीं मिल पाता।
लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन की भारी कमी के कारण यह स्थिति बन रही है और इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना था कि हम वार्ड के निवासी होते हुए भी गैस के लिए भटकने को मजबूर हैं, जबकि व्यवस्था सही तरीके से नहीं की जा रही। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि गैस वितरण से पहले स्पष्ट सूचना दी जाए और उपभोक्ताओं की संख्या के अनुसार पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर भेजे जाएं, ताकि अव्यवस्था की स्थिति न बने।

इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन लगातार व्यवस्था बनाने में लगा हुआ है। उन्होंने माना कि कुछ स्थानों पर भीड़ अधिक होने के कारण अस्थायी अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। सीडीओ ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त वाहन भेजे जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


Share This Post