विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, सुविधाओं के प्रचार-प्रसार व हर बच्चे तक किताबें पहुंचाने के निर्देश।
चंपावत। कार्यालय जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा चंपावत के अंतर्गत आज मिशन कौशल्य एवं डीपीएमयू की समीक्षा बैठक मुख्य शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बच्चों के शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि विद्यालय स्तर पर त्रैमासिक तथा ब्लॉक स्तर पर मासिक बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही अप्रैल माह में आयोजित होने वाले प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए भी रणनीति तैयार की गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि राजकीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं एवं शैक्षिक गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन बढ़ाया जा सके। इसके अलावा प्रत्येक छात्र तक समय से पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यू-डायस (UDISE) डेटा को त्रुटिरहित ढंग से भरने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डायट लोहाघाट के प्रवक्ता नवीन चंद्र उपाध्याय, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि विवेक पंत सहित विभिन्न विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, सीआरसी समन्वयक एवं समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो_ चंपावत में आयोजित मिशन कौशल्य एवं डीपीएमयू समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी।
चंपावत: मिशन कौशल्य व डीपीएमयू समीक्षा बैठक में शिक्षा सुधार पर मंथन।
