चंपावत: मिशन कोशिश की समीक्षा में शिक्षा सुधार पर जोर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

Share This Post

नामांकन बढ़ाने, किताबों की उपलब्धता और स्कूलों की सक्रियता सुनिश्चित करने पर फोकस

चंपावत।कार्यालय जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा चंपावत के अंतर्गत मिशन कोशिश एवं डीपीएमयू की समीक्षा बैठक मुख्य शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार, विद्यालयों की कार्यप्रणाली और छात्र नामांकन बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश दिए गए कि विद्यालय स्तर पर त्रैमासिक और ब्लॉक स्तर पर मासिक समीक्षा बैठकों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों के शैक्षिक स्तर में निरंतर सुधार लाया जा सके। अप्रैल माह में आयोजित होने वाले प्रवेशोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजकीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षिक गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो सके। साथ ही प्रत्येक छात्र तक समय से पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यू-डायस (UDISE) डेटा को त्रुटिरहित ढंग से भरने पर भी विशेष जोर दिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डायट लोहाघाट के प्रवक्ता नवीन चंद्र उपाध्याय, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि विवेक पंत सहित विभिन्न विकासखंडों के शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

फोटो_ चंपावत में आयोजित मिशन कोशिश एवं डीपीएमयू समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी।


Share This Post