चंपावत: राष्ट्रीय मंच पर चमका चंपावत, नगर आजीविका केन्द्र को स्कॉच अवार्ड-2025।

Share This Post

चंपावत।  जनपद चंपावत ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। नगर पालिका परिषद  का नगर आजीविका केन्द्र (CLC) अपने नवाचारी कार्यों और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनते हुए प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2025 के लिए चयनित हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नगर पालिका बोर्ड का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
दीनदयाल अन्त्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) एवं दीनदयाल जन आजीविका योजना-शहरी (DJAY-S) के तहत संचालित यह केन्द्र उत्तराखण्ड का पहला नगर आजीविका केन्द्र है, जो आज महिलाओं की आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुका है।
यहां संचालित सॉफ्ट टॉय निर्माण, सिलाई केन्द्र, ऐपण कला, खाद्य उत्पाद, गृह सज्जा और वूलन उत्पाद जैसे कार्यों ने महिलाओं को न केवल रोजगार दिया, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और पहचान भी दिलाई। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अब तक 42.70 लाख रुपये का कारोबार कर दिखाया है।
इस उपलब्धि पर आयोजित समारोह में अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने स्कॉच अवार्ड-2025 का सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह नगर पालिका बोर्ड को समर्पित किया। साथ ही सभी सभासदों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यह सम्मान पूरे चंपावत के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह साबित करता है कि यदि सही दिशा और सहयोग मिले, तो स्थानीय स्तर पर भी बड़े बदलाव संभव हैं।
कार्यक्रम में सभासद प्रेमा चिलकोटी, मणिप्रभा तिवारी, रोहित बिष्ट, गौरव कालोनी, दिनेश बर्दोला, नंदन सिंह तड़ागी, बबीता प्रहरी, पूजा वर्मा सहित सामाजिक कार्यकर्ता सूरज प्रहरी, शनि वर्मा, राकेश अधिकारी और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


Share This Post