चंपावत: बराकोट के सौरभ जोशी बने प्रेरणा की मिसाल, पुरातन विद्यालय में हुआ जोरदार सम्मान

Share This Post

लोहाघाट। पम्दा बाराकोट के होनहार युवा सौरभ जोशी ने टैक्स असिस्टेंट पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके पुराने विद्यालय एलीट चिल्ड्रन एकेडमी, बाराकोट में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रबंधक राजू गड़कोटी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सौरभ जोशी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपनी सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर बिना किसी कोचिंग के पहली ही कोशिश में यह मुकाम हासिल किया।
सौरभ ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी शुरुआती शिक्षा का यह विद्यालय ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। यहां मिले संस्कार और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनकी सफलता की नींव बने। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी बाधा सफलता की राह में नहीं आ सकती।
अपने शैक्षिक सफर में सौरभ ने हाईस्कूल एलीट चिल्ड्रन एकेडमी से 87.6 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण किया। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट केंद्रीय विद्यालय लोहाघाट से तथा बीएससी की पढ़ाई लोहाघाट महाविद्यालय से पूरी की। निरंतर मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल कर युवाओं के लिए एक मिसाल पेश की है।
विद्यालय के प्रबंधक राजू गड़कोटी ने कहा कि सौरभ शुरू से ही प्रतिभाशाली और मेहनती छात्र रहे हैं। उनकी यह सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी। उन्होंने विश्वास जताया कि सौरभ भविष्य में भी इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सूरज राय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने सौरभ जोशी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

फोटो_बाराकोट में टैक्स असिस्टेंट बनने पर सौरभ जोशी को सम्मानित करते विद्यालय प्रबंधक राजू गड़कोटी।


Share This Post