चंपावत: जनता मिलन में जनता को राहत: 42 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, सीडीओ का सख्त रुख।

Share This Post

“देरी नहीं, सीधे समाधान” बिजली, पानी, राशन, पीएम किसान और स्वरोजगार समेत हर मुद्दे पर अफसरों को फटकार, समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश।

चंपावत। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक ‘जनता मिलन’ इस बार आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से पहुंचे फरियादियों की 42 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर प्रशासन ने सक्रियता का संदेश दिया।
सीडीओ डॉ. खाती ने साफ शब्दों में अधिकारियों को चेतावनी दी कि जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता मिलन में ग्रामीण इलाकों की मूलभूत समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ढकना बडोला की नारायणी देवी द्वारा बिजली-पानी की समस्या उठाने पर विद्युत विभाग और जल संस्थान को संयुक्त रूप से तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं मोराड़ी और मानर तल्ला से आई पेयजल शिकायतों पर जल संस्थान और जल निगम को मौके की स्थिति स्पष्ट कर आपूर्ति सुचारू करने को कहा गया।
स्वरोजगार योजनाओं को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। हरम की केसरी देवी और चैकुनीबोरा की गीता बोहरा को मुख्यमंत्री एवं एकल महिला स्वरोजगार योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें जल्द लाभ मिल सके।
राशन कार्ड मामलों में सीडीओ का कड़ा रुख देखने को मिला। उन्होंने पंचायत सचिवों को ग्राम सभाएं आयोजित कर पात्र लोगों के बीपीएल कार्ड प्रस्तावित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कृषि और राजस्व से जुड़े मामलों में भी त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। पीएम किसान सम्मान निधि की रुकी किश्त और खाता-खतौनी संशोधन जैसे मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने को कहा गया। इसके अलावा आवास, शौचालय, सड़क निर्माण, सिंचाई गूल, मुआवजा, स्कूली वाहन और विवाह अनुदान जैसी समस्याओं पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

फोटो – जनता मिलन में फरियादियों की समस्याएं सुनते सीडीओ—मौके पर निस्तारण से लोगों को मिली राहत।


Share This Post