चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 18 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन।

Share This Post

टनकपुर/चंपावत। प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला में शुक्रवार को पिछले दिनों की तुलना में भारी भीड़ देखने को मिली। शनिवार और रविवार का लगातार अवकाश होने के चलते आगामी दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मेला प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को करीब 18 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मेले को वर्षभर संचालित करने की दिशा में प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में बूम-बैरियर गेट से मंदिर क्षेत्र तक लगभग 21 किलोमीटर क्षेत्र में हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इसके लिए प्रथम चरण में दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी संजय भंडारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में करीब 1500 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठेगा। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर मार्ग तक विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए 25 केवीए क्षमता के पांच तथा 63 केवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 20 किलोमीटर लंबी एलटी ओवरहेड लाइन तथा करीब साढ़े चार किलोमीटर भूमिगत लाइन बिछाई जाएगी। इन व्यवस्थाओं से मेला क्षेत्र में वर्षभर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं हनुमान चट्टी से काली मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना के जरिए श्रद्धालु भविष्य में सुगम दर्शन कर सकेंगे। मेले में सुरक्षा व्यवस्था भी और सख्त कर दी गई है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

फोटो – पूर्णागिरि मेले में मां के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।


Share This Post