चंपावत: जनता मिलन में उमड़े फरियादी, 124 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण।

Share This Post

सेवा पखवाड़ा के तहत दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण, डीएम ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए सख्त निर्देश।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चल रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 124 शिकायतें दर्ज हुईं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत आयोजित जनता मिलन में रोजगार, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, राशन कार्ड और सोलर स्ट्रीट लाइट समेत कई जनहित के मुद्दे उठे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सेवा पखवाड़ा के दौरान समाज कल्याण विभाग ने ग्राम वल्सो (चौमेल) निवासी दिव्यांग चंचल कुमार को व्हीलचेयर तथा ग्राम ड्यूरी निवासी संध्या को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और सेवा पखवाड़ा इसी संकल्प को धरातल पर उतारने का माध्यम है।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र परिवारों को प्राथमिकता से लाभ देने तथा अपात्र आवेदकों को कारण स्पष्ट रूप से बताने के निर्देश दिए। इसके अलावा दिव्यांग दीवान सिंह के प्रमाण पत्र एवं उपचार, माहेश्वरी देवी का आयुष्मान कार्ड, गोविंदी देवी के नामांतरण, माया देवी के आवास, राजेंद्र सिंह की सुरक्षा दीवार और प्रकाश चंद की सोलर स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। ग्राम प्रहरियों द्वारा लंबित मानदेय का मामला उठाने पर अपर जिलाधिकारी को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध समाधान किया जाएगा, ताकि आमजन का सरकार पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, अपर समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फोटो_ दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post