लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की परिकल्पना के अनुरूप मॉडल जनपद चंपावत में ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लोहाघाट ब्लॉक के आदर्श जूनियर हाई स्कूल, फोर्ती में पहले मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का शुभारंभ किया गया।
ज्ञान केंद्र का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने किया। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी सचिन जोशी, शिक्षक गोविंद बोहरा तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्थानीय शाखा के प्रबंधक परविंदर सिंह नागर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
ज्ञान केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उनके गांव में ही बेहतर अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सम्मानजनक जीवन बना सकें।
कार्यक्रम से पूर्व चंद्रशेखर बगौली, शंकर बगौली, मदन उपाध्याय, सुधांशु उपाध्याय, बीडीसी सदस्य सोनू चौबे, कीर्ति बगौली, योगेश बगौली सहित विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता, कमल राय, ओपी बगोली, जया जोशी और रेनू जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया।
ग्राम प्रधान रेनू बगोली की अध्यक्षता एवं प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि आनंद अधिकारी ने ज्ञान केंद्र के लिए दो सीसीटीवी कैमरे, एक इनवर्टर तथा विद्यालय की क्षतिग्रस्त दीवार के पुनर्निर्माण की घोषणा की। वहीं समाजसेवी सचिन जोशी ने एक वर्ष का वाई-फाई बिल वहन करने तथा विद्यालय की क्षतिग्रस्त रेलिंग और फर्श की मरम्मत कराने की घोषणा की। शिक्षक गोविंद बोहरा ने पुस्तकें उपलब्ध कराने और स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक परविंदर सिंह नागर ने वॉटर प्यूरीफायर देने की घोषणा की।
प्रधानाध्यापक लक्ष्मण सिंह मेहता ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं ज्ञान केंद्र के संचालन के लिए सुधांशु उपाध्याय ने निशुल्क सेवाएं देने की घोषणा की, जिसका सभी ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार को भी शामिल होना था, लेकिन भारी वर्षा के कारण वे नहीं पहुंच सके। हालांकि उन्होंने संदेश भेजकर सभी ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि “यह ज्ञान केंद्र केवल एक लाइब्रेरी नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर की मजबूत नींव है।”
फोटो – लोहाघाट ब्लॉक के आदर्श जूनियर हाई स्कूल, फोर्ती में पहले मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का शुभारंभ करते जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी।
चंपावत: लोहाघाट में पहले मुख्यमंत्री ज्ञान केंद्र ‘लाइब्रेरी’ का शुभारंभ, ग्रामीण छात्रों को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा।
