चंपावत: शराब दुकानों पर आबकारी विभाग की बड़ी रेड, ओवररेटिंग पर चला डंडा।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर चंपावत-लोहाघाट में ताबड़तोड़ निरीक्षण, अनियमितताओं पर हुई चालानी कार्रवाई।

चंपावत। जनपद में शराब दुकानों पर ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को चंपावत और लोहाघाट क्षेत्र में ताबड़तोड़ निरीक्षण अभियान चलाया। डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से मदिरा कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
आबकारी विभाग की टीम ने देशी और विदेशी मदिरा दुकानों में पहुंचकर बिक्री व्यवस्था, निर्धारित मूल्य सूची, डिजिटल भुगतान प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित अनुज्ञापियों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी उपभोक्ता से एमआरपी से अधिक कीमत वसूली गई तो संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही सभी दुकानदारों को शासन की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में यह भी देखा गया कि दुकानों में डिजिटल भुगतान की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। स्वाइप मशीनें सक्रिय मिलीं, QR कोड प्रदर्शित पाए गए और सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरे भी कार्यरत स्थिति में मिले।
इस विशेष अभियान में आबकारी निरीक्षक गौरव जोशी, उप आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह राणा तथा आबकारी सिपाही सुनीता और वंदना शामिल रहीं।

फोटो_ ओवर रेटिंग की शिकायत पर  शराब दुकानों में औचक निरीक्षण करते आबकारी अधिकारी व कर्मचारी।


Share This Post