चंपावत: कराटे में चमका चंपावत, 7 गोल्ड समेत 17 पदक जीत खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान।

Share This Post

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, करियर से लेकर विज्ञान तक की दी खास सीख।


चंपावत। राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चम्पावत के खिलाड़ियों ने जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है। 08 से 10 मई 2026 तक देहरादून में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण पदकों सहित कुल 17 पदक अपने नाम कर बड़ी उपलब्धि हासिल की।
खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन आगामी 03 जून से 07 जून 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाली नेशनल कराटे चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चंपावत के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से उनके भविष्य, करियर गोल और सपनों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने खेलों के साथ शिक्षा और विज्ञान के महत्व पर जोर देते हुए खिलाड़ियों को जीवन में संतुलन बनाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। जिलाधिकारी ने विज्ञान की कई बारीकियों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भावना अधिकारी, अनामिका विष्ट, आभास वर्मा, ऋषभ ढेक, पार्थ बिष्ट और प्रज्ञान साह ने स्वर्ण पदक जीतकर नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की। वहीं स्वर्ण पदक विजेता प्राची ओली और प्राची थापा को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कराटे कोच दीपक अधिकारी को खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में सांची मुरारी, हर्षिता अधिकारी, हार्दिक और चित्रा गहतोड़ी ने रजत पदक प्राप्त किए, जबकि प्रिंस वोहरा, नताली गड़कोटी, हर्षिता, प्रज्ञान साह और जतिन जोशी ने कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट सहित खेल प्रेमी एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


Share This Post