चंपावत की बेटी ने अमेरिका में लहराया परचम, कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर।

Share This Post

सीमांत की होनहार आयुष्री भावे को डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित, बेटियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत।


चंपावत। जनपद चंपावत की प्रतिभाशाली बेटी आयुष्री भावे ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। आयुष्री की इस शानदार उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पहाड़ की कठिन परिस्थितियां और सीमित संसाधन कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकते, यदि लक्ष्य स्पष्ट और प्रयास निरंतर हों। उन्होंने कहा कि आयुष्री भावे आज उत्तराखण्ड की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी हैं।
डीएम मनीष कुमार ने कहा कि आयुष्री की सफलता आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा देगी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि चंपावत जैसे सीमांत जिले से निकलकर विश्व स्तर पर पहचान बनाना पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर आयुष्री की माता भावना को भी सम्मानित किया गया, जो वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज देवीधुरा में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि बेटी की सफलता के पीछे मां के संस्कार, शिक्षा और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लोहाघाट निवासी आयुष्री भावे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालयों से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने भीमताल से बी-फार्मा तथा जयपुर से एम-फार्मा की पढ़ाई पूरी की। कठिन परीक्षाओं को सफलता से उत्तीर्ण करते हुए उन्होंने अमेरिका में यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की। आयुष्री केवल शिक्षा और शोध तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कला और संगीत के क्षेत्र में भी उनकी विशेष रुचि और उपलब्धियां रही हैं। फार्माकोलॉजी विषय पर उनकी पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। साथ ही उन्होंने फाइन आर्ट एवं संगीत में भी डिग्री हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है। जनपदवासियों ने आयुष्री की इस सफलता को चंपावत और उत्तराखण्ड के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


फोटो – अमेरिका की कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने पर आयुष्री भावे को सम्मानित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post