सेवा, पार्किंग विस्तार और झूला पुल निर्माण की घोषणा; अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा रीठा साहिब
“मेले में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु हमारा सम्मानित अतिथि है” — डीएम मनीष कुमार
लोहाघाट। विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक जोड़ मेले के दूसरे एवं मुख्य दिवस पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरु महाराज के दरबार में मत्था टेकने और मीठे रीठे के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अनुमानित डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गुरु घर में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
मेले के मुख्य दिवस पर जनपद के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुद्वारा परिसर और मेला क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब में मत्था टेककर जनपदवासियों की खुशहाली और शांति की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और संगत की ओर से उनका पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया।
गुरुद्वारा परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह एवं अन्य धर्मगुरुओं ने जिलाधिकारी को सरोपा और कृपाण भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर दिल्ली के प्रसिद्ध कार सेवा प्रमुख बाबा बच्चन सिंह, गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के बाबा रविंद्र सिंह, गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब के प्रबंधक बाबा श्याम सिंह, जोगिंदर सिंह, अमनजीत सिंह, गुरवंत सिंह सोनी, जसकरण सिंह, अवतार सिंह तथा ट्रस्टी अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए गुरुद्वारा के सचिव अजीत पाल सिंह ने जिलाधिकारी मनीष कुमार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि तीन दशक से अधिक समय से गुरु घर की सेवा करते हुए उन्होंने ऐसा जनसेवी अधिकारी नहीं देखा, जो आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इतनी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करता हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी के प्रयासों से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को नई गति मिली है।
दिल्ली से पहुंचे बाबा सुरेंद्र सिंह ने भी जिलाधिकारी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि चंपावत में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा अब दिल्ली तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी किसी भी जनपद के लिए सौभाग्य की बात है।
अपने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और धर्मगुरुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब ने विश्व पटल पर चम्पावत को विशेष पहचान दिलाई है और यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु प्रशासन का सम्मानित अतिथि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रीठा साहिब को अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भविष्य में दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों से रीठा साहिब के लिए हेली सेवा शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं को यहां पहुंचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वर्तमान पार्किंग व्यवस्था का विस्तार कर उसे दोगुना किया जाएगा। इसके अलावा रतिया नदी संगम क्षेत्र में झूला पुल निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अस्थायी टेंट और अन्य सुविधाओं को भी और बेहतर बनाया जाएगा।
मेले में अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह तथा तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रणजीत सिंह सहित अनेक धर्मगुरुओं ने संगत को आशीर्वचन दिए। पंजाब से पहुंचे रागी जत्थों, कविश्री जत्थों और हजूरी जत्थों की गुरुबाणी और धार्मिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गुरुद्वारा परिसर में अखंड पाठ, कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम देर रात तक जारी रहा।
तीन दिवसीय ऐतिहासिक जोड़ मेले का समापन रविवार को महाभोग और विशेष धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होगा। श्रद्धालुओं का उत्साह और संगत की सेवा भावना इस ऐतिहासिक मेले को हर वर्ष नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।
फोटो_रीठा साहिब जोड़ मेले के मुख्य दिवस पर दीवान हॉल में जिलाधिकारी मनीष कुमार को सरोपा एवं कृपाण भेंट कर सम्मानित करते हुए दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह, नानकमत्ता साहिब के बाबा रविंद्र सिंह एवं गुरुद्वारा सचिव अजीत पाल सिंह।
चंपावत: रीठा साहिब में आस्था का महासंगम, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

