निष्पक्ष पत्रकारिता की चुनौतियों और बदलते दौर पर मंथन, समाज की आवाज़ बनने का लिया संकल्प
चंपावत। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चंपावत जिला पत्रकार संगठन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करते हुए लोकतंत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। सूचना विभाग सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने भाग लिया और पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, चुनौतियों तथा सामाजिक दायित्वों पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार ने की, जबकि भाजपा नेता शंकर दत्त पांडे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे निष्पक्षता और साहस के साथ निभाना आवश्यक है।
मुख्य अतिथि शंकर दत्त पांडे ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज़ बनकर उसकी समस्याओं और पीड़ा को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है, लेकिन लोकतंत्र की मजबूती के लिए पत्रकारों की निर्भीक भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार ही समाज और सरकार के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर पत्रकार सामाजिक बदलाव और विकास की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ पत्रकार सतीश जोशी, हरीश पांडे, दीपक धामी, दीपक फुलेरा, ललित मोहन जोशी, पंकज पाठक और विनोद चतुर्वेदी शामिल रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले पत्रकारों को उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के महामंत्री गिरीश बिष्ट ने किया। समारोह में जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, चंद्रशेखर जोशी, राजेश देऊपा, जया पुनेठा, देवेंद्र चंद्र देवा, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, सुरेश उप्रेती, जीवन वर्ती, शुभम गौड़, कुंदन बिष्ट, लक्ष्मण बिष्ट, बाबूलाल यादव, दिनेश खर्कवाल, अर्जुन सिंह, रूपेश कुमार प्रजापति, सूरी पंत, मार्टिन माइकल, जगदीश जोशी, प्रकाश भट्ट, विपिन चंद्र जोशी, नवीन भट्ट, महेश चौड़ाकोटी सहित जिलेभर से पहुंचे पत्रकार मौजूद रहे।
फोटो_ पत्रकारिता दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते मुख्य अतिथि शंकर दत्त पांडे व अन्य अतिथि।
चंपावत: लोकतंत्र के प्रहरी हुए सम्मानित- हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सात पत्रकारों को मिला सम्मान।

