चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम आम लोगों के लिए राहत और प्रशासनिक जवाबदेही का मंच बन गया। जनपद के दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता मिलन में कुल 74 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से अधिकांश मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। पेयजल, बिजली, सड़क, प्रधानमंत्री आवास, कृषि, उद्यान, सिंचाई, गैस कनेक्शन और रोजगार से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
जनसुनवाई के दौरान कई ऐसे मामले भी आए, जिनमें जिलाधिकारी ने तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में बंद हुई वृद्धावस्था पेंशन के मामले में डीएम ने पात्र लाभार्थियों की पेंशन बहाल करने के आदेश दिए और स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति तकनीकी कारणों से सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा।
कार्यक्रम में एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब विकासखंड पाटी के कानाकोट निवासी मदन राम और दीवान सिंह को समाज कल्याण विभाग की ओर से मौके पर ही श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। वहीं लोहाघाट की पूजा देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
बरसात से पहले ग्रामीणों की समस्याओं पर भी प्रशासन गंभीर दिखा। बिरगुल निवासी चन्दन राम के जर्जर मकान की समस्या पर तत्काल टीनशेड उपलब्ध कराने और आवास योजना के प्रस्ताव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। वहीं सोलर लाइट, तारबाड़ और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों पर भी संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जनता मिलन में मजदूरों द्वारा मजदूरी भुगतान न मिलने की शिकायत पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए श्रम विभाग को जांच कर जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंच-तामली सड़क पर खतरनाक चीड़ के पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि “जनता की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की असली कसौटी है। अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। शिकायतों को फाइलों में दबाने की प्रवृत्ति अब नहीं चलेगी।”
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: डीएम मनीष कुमार ने सुनीं 74 शिकायतें, दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

