चंपावत: कर्तव्य निभाते हुए थम गई जिंदगी की रफ्तार_ मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत चालक के पुत्र से की बात, डीएम पहुंचे पैतृक गांव।

Share This Post

चंपावत, 4जून। लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन पुल के समीप हुई दर्दनाक बस दुर्घटना में कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले उत्तराखण्ड परिवहन निगम के चालक एवं स्वाला बड़ोली निवासी बेनीराम थ्वाल के निधन पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत चालक के पुत्र से दूरभाष पर वार्ता कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार भी दिवंगत चालक के पैतृक गांव स्वाला बड़ोली पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन घड़ी में उनके साथ है तथा शासन स्तर से मिलने वाली सभी अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बेनीराम थ्वाल की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाभाव को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दिवंगत चालक ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया, जिसे हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग दिवंगत चालक को श्रद्धापूर्वक याद कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

फोटो_ स्वाला बड़ोली गांव में दिवंगत चालक बेनीराम थ्वाल के परिजनों को सांत्वना देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post