योग और प्रकृति का अद्भुत संगम, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब।
चंपावत। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों के तहत गुरुवार को घटोत्कच मंदिर परिसर योगमय हो उठा। हरे-भरे वृक्षों की छांव में आयोजित “हरित योग” कार्यक्रम में 108 प्रतिभागियों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड शासन तथा जिला प्रशासन चंपावत के निर्देशानुसार जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश बोहरा ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद योग अनुदेशक कमला बिनवाल के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक श्रीप्रकाश नेगी एवं सुशील कलौनी ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर योग के महत्व और लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की जीवनशैली है। प्राकृतिक वातावरण में योग करने से शरीर और मन दोनों को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। इसी उद्देश्य से लोगों को हरित वातावरण में नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
राजकीय नर्सिंग कॉलेज चंपावत की प्राचार्या, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नमिता अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह, जिला नोडल अधिकारी (अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026) डॉ. उमेश भारती, नोडल अधिकारी डॉ. नमिता अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
फोटो_घटोत्कच मंदिर परिसर में आयोजित हरित योग कार्यक्रम के दौरान हरियाली के बीच सामूहिक योगाभ्यास करते प्रतिभागी।
चंपावत: हरियाली के बीच योग का महाकुंभ_घटोत्कच मंदिर परिसर में 108 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास।

