डीएम मनीष कुमार ने विभागों को दिए सख्त निर्देश, बाढ़, भूस्खलन और अग्निकांड जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों की समीक्षा।
चंपावत। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित आपदाओं एवं आकस्मिक घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सभागार में सिविल-मिलिट्री लाइजन की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सेना, एसएसबी, आईटीबीपी, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और समन्वय तंत्र की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान बाढ़, भूकंप, भूस्खलन, अग्निकांड समेत अन्य संभावित आपदाओं के जोखिमों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद के आपदा संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से आवश्यक निवारक एवं सुरक्षात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ बाढ़ सुरक्षा उपायों को मजबूत करें तथा अस्पतालों, होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच करें।
बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सैन्य सहायता की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), संसाधनों की त्वरित तैनाती, वैकल्पिक संचार व्यवस्था, कंट्रोल रूम और नोडल अधिकारियों के बीच समन्वय तथा वास्तविक समय में सूचना साझा करने की व्यवस्था पर भी विस्तार से मंथन किया गया।
डीएम मनीष कुमार ने मानसून के दौरान सड़कों को सुचारु रखने, नालों की समयबद्ध सफाई करने तथा संचार नेटवर्क को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को आपदा संबंधी सूचनाओं का तत्काल अद्यतन करने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा मित्रों से स्वैच्छिक सहयोग के लिए पूर्व सहमति लेने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मेजर सुर्जन सिंह नेगी, एसएसबी अधिकारी सुदेश कुमार, आईटीबीपी अधिकारी अनिल कुमार सिंह, एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
फोटो – मानसून सीजन से पहले आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, आपदा से निपटने को सिविल-मिलिट्री ने बनाई संयुक्त रणनीति।

