चंपावत: एवरेस्ट विजेता तिला सेन को आईटीबीपी ने किया सम्मानित।

Share This Post

लोहाघाट। माउंट एवरेस्ट फतह कर तिरंगा लहराने वाली आईटीबीपी की महिला पर्वतारोही एवं खटीमा निवासी तिला सेन का गुरुवार को 36वीं वाहिनी में स्वागत कर सम्मान किया गया। अल्मोड़ा क्षेत्र के डीआईजी गिरीश चंद्र पुरोहित ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
आईटीबीपी के 11 सदस्यीय महिला पर्वतारोहण दल ने इसी वर्ष 21 मई को एवरेस्ट पर सफल आरोहण किया था। तिला सेन भी इस ऐतिहासिक अभियान का हिस्सा थीं। सम्मान समारोह में डीआईजी पुरोहित ने तिला सेन के साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि देश की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

36वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने कहा कि तिला सेन की सफलता से आईटीबीपी के सभी जवान और अधिकारी गौरवान्वित हैं। उन्होंने साबित किया है कि महिलाएं किसी भी चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनकी उपलब्धि ने आईटीबीपी का गौरव बढ़ाया है।
समारोह में 34वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश कुमार जोशी, 50वीं वाहिनी के कमांडेंट शैलेंद्र सिंह नगरकोटी, 14वीं वाहिनी के कमांडेंट राम भरत सिंह कुशवाह, द्वितीय कमान अधिकारी भानु प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. शुभम मोहनपुरिया और सहायक सेनानी अंकुर कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_तिला सेन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते डीआईजी गिरीश चंद्र पुरोहित साथ में कमांडेंट संजय कुमार।


Share This Post