

चंपावत। जिले के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, सेवारत सैनिकों के आश्रितों और ECHS कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। भारत सरकार की एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ECHS) के तहत अब जिला चिकित्सालय चम्पावत में भी निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लंबे समय से चली आ रही इस मांग को लेकर सैनिक संगठन लगातार प्रयासरत थे।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने बताया कि ECHS के तहत पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक आश्रितों को जिला अस्पताल में निर्धारित स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी। इसके लिए ECHS रीजनल सेंटर बरेली और जिला चिकित्सालय चम्पावत के बीच अनुबंध हो चुका है। उन्होंने बताया कि सुविधा शुरू करने से पहले पासवर्ड, यूजर आईडी और बिलिंग प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं। बिलिंग प्रोसेसिंग एजेंसी (BPA), मुंबई से आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ECHS सुविधा शुरू कर दी जाएगी। उम्मीद है कि अगले दो से तीन सप्ताह में सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी।
कर्नल उमेद सिंह के अनुसार, इस सुविधा से जिले के छह हजार से अधिक पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को सीधे लाभ मिलेगा। ECHS कार्डधारक जिले से बाहर बीमार पड़ने पर भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ECHS की स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
जिला पूर्व सैनिक लीग के जिलाध्यक्ष कैप्टन आईएस देव और कैप्टन रघुवीर सिंह ने सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सेना के अधिकारियों, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी मनीष कुमार और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में ECHS सुविधा शुरू होने से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी तथा स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
फोटो_जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह।




