चंपावत: किराया विवाद में शर्मनाक हरकत! टैक्सी चालक को पीटने और जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का आरोप, वीडियो वायरल।

Share This Post

लोहाघाट, 12जून। देवराड़ी बैंड क्षेत्र में किराया विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक टैक्सी चालक के साथ कथित मारपीट और सार्वजनिक अपमान का मामला सामने आया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

फोटो_ किराया विवाद में ड्राइवर को जूते की माला पहने का एक दृश्य।


प्राप्त जानकारी के अनुसार डूंगरा बोरा निवासी एक टैक्सी चालक को कुछ लोगों ने कथित रूप से घेर लिया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई तथा गले में जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम को लेकर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
घटना के बाद पीड़ित के परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और आपसी बातचीत से होना चाहिए, लेकिन किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली इस तरह की हरकत समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित चालक वर्तमान में दिल्ली में है और उसके लोहाघाट पहुंचने पर पुलिस को तहरीर सौंपी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और शिकायत मिलने के साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने कानून व्यवस्था और सामाजिक मर्यादाओं को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी कानून को अपने हाथ में लेने का साहस न कर सके।

विजुअल।


Share This Post