चंपावत: घर से नाराज होकर लापता हुई 12 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल किया बरामद।

Share This Post

थाना पाटी पुलिस की तत्परता से कुछ ही घंटों में मिला सुराग, परिजनों ने जताया आभार।

लोहाघाट। पाटी में नगर पंचायत चुनाव परिणामों की व्यस्तता के बीच पाटी पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए घर से नाराज होकर चली गई 12 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार बीते रोज एक व्यक्ति ने थाना पाटी में सूचना दी कि उसकी 12 वर्षीय पुत्री घर से नाराज होकर कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी  रमेश चंद्र बेलवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन कर बालिका की खोजबीन शुरू करवा दी। बाद में स्वयं भी मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया गया। खोजबीन के दौरान बालिका घर से कुछ दूरी पर स्थित एक खंडहरनुमा मकान में छिपी हुई मिली। पूछताछ में बालिका ने बताया कि घर पर डांट पड़ने से नाराज होकर वह वहां चली गई थी। उसने यह भी बताया कि इससे पहले भी वह नाराज होकर घर छोड़ चुकी है। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी रमेश चंद्र बेलवाल ने परिवार को बच्चों के साथ प्रेमपूर्ण व्यवहार करने तथा उनकी भावनाओं को समझने की सलाह दी। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ अपने अनुभव भी साझा किए और बच्चों को बेहतर वातावरण देने पर जोर दिया। बालिका के सकुशल घर लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। अभियान में बसंत पांडे एवं होमगार्ड जवान नरेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

फोटो  – सकुशल बरामद की गई 12 वर्षीय बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द करती पाटी पुलिस टीम।


Share This Post