चंपावत: ललुवापानी के कूड़े के पहाड़ का होगा अंत, डीएम ने परखी निस्तारण कार्य की रफ्तार।

Share This Post

चंपावत। ललुवापानी रोड स्थित डंपिंग साइट पर वर्षों से जमा कूड़े के पहाड़ को हटाने की कवायद तेज हो गई है। नगर पालिका परिषद चंपावत द्वारा लेगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने डंपिंग साइट का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षों से जमा कूड़ा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ था। इसके निस्तारण से न केवल डंपिंग साइट का बोझ कम होगा, बल्कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और वैज्ञानिक मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी की देखरेख में चल रहे इस अभियान में जेसीबी और पोकलेन जैसी भारी मशीनों की मदद से कूड़े का पृथक्करण कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि अभियान पूरा होने के बाद चंपावत को वर्षों पुराने कूड़े के ढेर से राहत मिलेगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

फोटो_ललुवापानी डंपिंग साइट पर लेगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार


Share This Post